अम्बिकापुर / लखनपुर : अमेरा खदान छावनी में तब्दील, सीमांकन के साथ शुरू हुआ मिट्टी खुदाई का कार्य

पुलिस पर पथराव और गुलेल से हमले के मामले में दस ग्रामीणों की हुई गिरफ्तारी

घटना के बाद सहमे ग्रामीण, खदान की ओर बढ़ने का साहस नहीं दिखा पाए

अम्बिकापुर / लखनपुर। अमेरा खदान में सीमांकन और कोल उत्खनन की कार्रवाई के विरोध में ग्रामीणों के प्रदर्शन और एक दिन पूर्व पुलिस पर हुए पथराव तथा गुलेल से हमले की घटना के बाद पुलिस ने डेढ़ सौ लोगों के खिलाफ नामजद जुर्म पंजीबद्ध कर लिया है और अब तक दस लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इस घटना के बाद आज सशस्त्र पुलिस बल की संख्या प्रस्तावित खदान क्षेत्र में और अधिक बढ़ा दी गई। कल की घटना और पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश गांव-गांव में किए जाने से अधिकांश लोग अपने परिचितों तथा पड़ोस के गांवों में चले गए हैं और आज सीमांकन की कार्रवाई के साथ शुरू हुए उत्खनन की प्रक्रिया के दौरान कोई भी ग्रामीण मौजूद नहीं थे। कल की घटना के बाद परसोड़ीकला ग्राम में भी सन्नाटा पसरा हुआ है। कल की घटना के बाद आज प्रातः से ही भारी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी रही और विरोध प्रदर्शन करने वाले परसोड़ीकला के ग्रामीण आज खदान क्षेत्र की ओर बढ़ने का साहस नहीं कर सके। जानकारी के अनुसार बीती रात ही सीमांकन की कार्रवाई राजस्व अमले द्वारा किए जाने के साथ ही मिट्टी खुदाई का कार्य प्रारंभ कर दिया गया।

पुलिस ने की दस आरोपियों की गिरफ्तारी

अमेरा खदान विस्तार को लेकर ग्रामीणों द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन के बीच पुलिस बल पर पथराव और गुलेल से हमले की घटना में अधिकारियों सहित पुलिस जवानों के घायल होने के मामले में पुलिस द्वारा दिनेश, पांडू राम, बुधेश्वर, नन्ही बाई, रामपति, सभापति राजवाड़े, सरिता राजवाड़े, भुनेश्वरी मानिकपुरी, नान राजवाड़े को पुलिस ने आज गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 126, 191(2), 191(3), 190, 296, 221, 132, 121, 109 बीएनएस का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा अब तक डेढ़ सौ महिला-पुरूष के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

ग्रामीणों ने कहा- पुलिस ने झूठा मामला दर्ज किया

परसोड़ीकला ग्राम के महेन्द्र राजवाड़े और सुनील राजवाड़े ने पुलिस पर झूठा एफआईआर दर्ज करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वे तीन दिसंबर को अन्य ग्रामीणों के साथ पुलिस अनुविभागीय कार्यालय में बयान देने गए थे और वे अमेरा की घटना के दौरान वहां मौजूद भी नहीं थे, इसके बावजूद पुलिस ने उनके खिलाफ भी एफआईआर दर्ज किया है।

यह भी पढ़ें : Ambikapur News : पथराव और झड़प में एडिशनल एसपी सहित | डेढ़ दर्जन से अधिक पुलिस जवान घायल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top